रायपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर में आज जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुण्डा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, मंत्री रामविचार नेताम, एवं अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के सम्मान में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह, गुण्डाधूर, गैंदसिंह जैसे नायकों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन बलिदान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का शौर्य जीवन में साहस और प्रेरणा की राह दिखाता है। उन्होंने शोषण मुक्त समाज का सपना देखा था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उनकी परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना की शुरुआत की है।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने आदिवासी समाज की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए मात्र 25 वर्ष की आयु में बलिदान दिया और आदिवासी समाज को सम्मान से जीने की प्रेरणा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित