अंबिकापुर , नवंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गुरूवार (20 नवंबर) को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2025 की तैयारिया पूरी कर ली गई हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

यह कार्यक्रम पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्यमंत्री तोखन साहू भी सम्मिलित होंगे।

समारोह में राष्ट्रपति मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ करेंगी। साथ ही जनजातीय प्रमुखों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और ऐतिहासिक जनजातीय आंदोलनों के नायकों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश चौधरी, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज और महापौर मंजूषा भगत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। पूरे शहर में लगभग 2000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले के रूट पर विशेष टीमों की तैनाती, बैरिकेडिंग और रूट रिहर्सल संपन्न हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित