जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि प्रदेश में विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में कार्मिकों के वेतन में देरी होने की शिकायत प्राप्त होने पर उसकी जांच कराई जायेगी।
श्री खराड़ी प्रश्नकाल में विधायक अनिल कुमार कटारा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यरत रसोइयों, स्वीपरों एवं चौकीदारों को समय पर वेतन का भुगतान किया जाता है और इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर जांच करवाई जाएगी तथा सम्बंधित एजेंसी एवं अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में एक बार कार्यरत एजेंसी की समयवधि पूर्ण होने के कारण कार्मिकों के भुगतान में देरी हुई थी। इसके अतिरिक्त विभाग को इस सम्बन्ध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
इससे पहले श्री कटारा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने विभाग द्वारा अनुसूचित क्षेत्र में संचालित छात्रावासों में कार्यरत रसोइयों, स्वीपर एवं चौकीदारों के मानदेय भुगतान के लिए गत तीन वर्षों में एजेन्सियों को जारी कार्यादेश का विवरण सदन के पटल पर रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित