टिहरी , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिला प्रशासन जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गया है और शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनगणना कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उपखण्ड जनगणना अधिकारियों और उप जिलाधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान टेबल वर्क,सीएमएमएस पोर्टल पर अद्यतन स्थिति तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली गयी। समीक्षा के दौरान प्रतापनगर, देवप्रयाग, टिहरी और नगर पंचायत चम्बा में सीएमएमएस एवं एचएलबीसी पोर्टल पर लंबित कार्य पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

जिला कार्यालय द्वारा जानकारी दी गयी कि नौ से 11 अप्रैल 2026 के बीच बालगंगा और घनसाली तहसीलों में दो-दो बैचों में सुपरवाइजर और प्रगणकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्रों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जायें। साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्यों की नियमित समीक्षा करते रहें।

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 से संबंधित कार्यों की निगरानी समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और बैठकों के माध्यम से की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ए. के. सिंह, एसडीएम कमलेश मेहता (टिहरी), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीकेशव गैरोला सहित सभी संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित