नयी दिल्ली , फरवरी 06 -- दिल्ली के कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह ने शुक्रवार को कहा कि जनकपुरी हादसे को गंभीरता से लेते हुए जल बोर्ड के तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है जिनमें कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल है।

श्री सिंह ने जनकपुरी स्थित जोगिंदर सिंह मार्ग पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का संज्ञान लेते हुए आज स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में पर्यवेक्षण और अनुपालन में हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए जल बोर्ड के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त दिल्ली जल बोर्ड द्वारा एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जो जिम्मेदारी तय करने, प्रक्रियागत खामियों की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुधारात्मक उपाय सुझाएगी।

उन्होंने कहा "यह हादसा अत्यंत दुखद है। प्रभावित परिवार के साथ सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने दिल्ली भर में चल रहे सभी सीवर, सड़क एवं बाढ़ नियंत्रण कार्यों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि जनकपुरी में एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल की मौत हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित