पटना, दिसंबर 26 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि जदयू नीतीश कुमार के संस्कारों में ढली हुई पार्टी है और उसका बिहार की राजनीति में कोई विकल्प नही है।
श्री कुशवाहा आज खगड़िया में जदयू कार्यकर्ता आभार समारोह तथा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रतिफल है। इस अवसर पर जिले में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा करते उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को जदयू से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जद(यू) कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण, निष्ठा और परिश्रम का प्रदर्शन करते हुए खगड़िया की सभी चार सीटों पर राजग गठबंधन को जिताया है, उसकी जितनी तारीफ की जाये कम है। उन्होंने कहा कि जब भी विरोधियों ने नीतीश कुमार और जदयू के राजनीतिक भविष्य को लेकर अनर्गल प्रलाप किया है, बिहार की जनता ने जनादेश के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि जदयू और श्री कुमार का बिहार की राजनीति में कोई विकल्प नही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित