पुरी , जनवरी 23 -- ओडिशा की पुरी जिला पुलिस ने श्री जगन्नाथ मंदिर, मंदिर के निकट स्थित ग्रैंड सेंटर मार्केट और राज्यसभा सांसद सुभाशीष खुंटिया को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में मुख्य आरोपी प्रतीक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि बसेलीसाही निवासी प्रतीक ने यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपलोड की थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी को पकड़ लिया और मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रतीक मिश्रा ने अपनी मंगेतर जूलीरानी पांडा के फेसबुक अकाउंट का दुरुपयोग कर यह आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। जांच में सामने आया है कि जूलीरानी ने प्रतीक के साथ अपना रिश्ता खत्म कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसे अपमानित करने और फंसाने के लिए आरोपी ने इस खतरनाक साजिश को अंजाम दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित