जगदलपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ग्राम बेलगांव-बनियागांव में अवैध उत्खनन के मामले में पूर्व में जब्त की गई पोकलेन मशीन को अब सुरक्षित रूप से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने शुक्रवार को बताया कि कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत 26 मार्च को तहसील बकावंड के ग्राम बेलगांव-बनियागांव में शिकायत प्राप्त होने पर खनिज विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया था। मौके पर अवैध रेत उत्खनन पाए जाने पर एक पोकलेन मशीन को सील कर प्रकरण दर्ज किया गया था।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि उक्त मशीन का पुनः अवैध कार्यों के लिए उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद 1 अप्रैल को खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मशीन को स्थानांतरित करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण उस दिन मशीन को थाने नहीं लाया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित