जगदलपुर , फरवरी 04 -- जगदलपुर के दंतेश्वरी वार्ड में एक मार्मिक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह ने दो जानें ले लीं। एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली है सुबह बेटे ने दोनों की लाशें देखी तथा पुलिस को सूचना दी।

बुधवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तारा सिंह और उनकी पत्नी विजय कौर के रूप में हुई है। दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। बीती रात हुए एक तीव्र झगड़े के दौरान, गुस्से में आकर तारा सिंह ने एक धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे विजय कौर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके तुरंत बाद, तारा सिंह ने पास के ही एक कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पड़ोसियों के अनुसार, दोनों बुजुर्गों की उम्र 70 के पार थी, विजय कौर को उम्र संबंधी बीमारियां थीं, तारा सिंह गुस्सैल स्वभाव का था, इसीलिए आए दिन दोनों के बीच विवाद होता था। कल रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दंपत्ति का बेटा झगड़ा सुलझाकर पहली मंजिल स्थित अपने कमरे जाकर सो गया था। देर रात दोनों बुजुर्ग शायद फिर आपसे में लड़े, इस लड़ाई में तारा सिंह ने नारियल छिलने वाले हथियार से पत्नी पर ऐसा वार किया कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पड़ोसियों के अनुसार, तारा सिंह ने इमर्सन रॉड के तार को चैनल गेट पर बांधा और झूल गया, सुबह सबसे पहले बेटे ने ही दोनों की लाशें देखी है। चैनल गेट की फांसी से मौत सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के बाद जांच को एक नई दिशा मिलेगी की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित