जगदलपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ के जगदलपुर जिला जेल से बुधवार रात चोरी का एक आरोपी जेल की दीवारों को फांदकर फरार हो गया है। जेल प्रशासन ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। जेल अधीक्षक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस महेंद्र दीवान की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कैदी महेंद्र दीवान की फरारी के बारे में जेल अधीक्षक की ओर से एक लिखित शिकायत मिली है। इस शिकायत को संज्ञान में लेकर पुलिस की टीमों को फरार कैदी की तलाश में लगाया गया है। फरार कैदी के खिलाफ चोरी के बहुत से मामले दर्ज हैं, वह इस जेल से पहले कांकेर और दंतेवाड़ा जेल से भी फरार हुआ था।
फरार कैदी को कांकेर जेल से जगदलपुर जेल शिफ्ट इसलिए किया गया था कि वह भाग न सके लेकिन वह इस जेल से भी भाग जाने में कामयाब हुआ है। यह कैदी जिला जेल में पिछले एक साल से चोरी के आरोप में निरुद्ध था।
घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र ने कल देर शाम करीब सात बजे चादर और अन्य कपड़ों को रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांद ली। जेल प्रशासन को रात में घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार कैदी के खिलाफ कांकेर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कांकेर और दंतेवाड़ा जेल से फरार हो चुका है, जिसके बाद उसे जगदलपुर जेल लाया गया था। उसकी इस हरकत से जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित