जगदलपुर , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा ने कोड़ेनार क्षेत्र के बंकेपारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर 'वजन त्यौहार' के तहत बच्चों के पोषण स्तर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे संवाद करते नजर आए, जिससे केंद्र में आत्मीय माहौल बना।

जिला पीआरओ से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार,कलेक्टर ने आंगनवाड़ी पहुंचकर सबसे पहले बच्चों का वजन कराया, उनका कद नापा और पोषण स्तर से संबंधित मापदंडों की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए रजिस्टरों का अवलोकन भी किया। इस दौरान वे प्रशासनिक औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातचीत की। बच्चों को अपने बीच बैठा देख वे उत्साहित नजर आए। कलेक्टर ने बच्चों को टॉफियां वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में उपस्थित गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं से भी चर्चा की। उन्होंने शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति जानी। हितग्राहियों से सीधे संवाद कर यह जानकारी ली कि उन्हें समय पर पोषण आहार, टीकाकरण और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। कलेक्टर ने अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोषण आहार वितरण, नियमित वजन मापन और स्वास्थ्य परीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में जमीनी स्तर पर सतत निगरानी आवश्यक है।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम तोकापाल शंकर लाल सिन्हा और नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित