जंडियाला गुरु/ अमृतसर , फरवरी 27 -- हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री और विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के विधायक हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु क्षेत्र के पत्रकारों को एक बड़ा तोहफा देते हुए शुक्रवार को यहां 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रेस क्लब भवन का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर श्री ईटीओ ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पंजाब सरकार पत्रकार बिरादरी के अधिकारों की रक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि जंडियाला गुरु क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि यहां एक प्रेस क्लब का निर्माण किया जाये। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्होंने पत्रकारों की इस जायज मांग को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संज्ञान में लाया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने इस भवन के लिए 1.25 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है।
प्रेस क्लब भवन का नींव पत्थर रखने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री ईटीओ ने कहा कि यह प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस भवन में सभी आधुनिक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे पत्रकार अपनी बैठकें, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सूचना संबंधी अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित कर सकेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रेस क्लब का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द पत्रकार बिरादरी को मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित