मुरैना , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में घरेलू गैस की किल्लत के बीच पहाड़गढ़ के जंगलों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है और जंगल माफिया सक्रिय हो गया है। वन विभाग के अमले ने कार्रवाई करते हुए जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर ले जा रहे माफिया के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर सबलगढ़ और कैलारस क्षेत्र के अमले ने पहाड़गढ़ के जंगल में स्थित ग्राम गोलारी और नवलपुरा के पास दबिश दी। यहां से दो ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरी अवैध जलाऊ लकड़ी को जब्त किया गया। मौके से एक आरोपी को भी पकड़ लिया गया, जबकि अन्य लोग फरार हो गए।

बताया गया है कि दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों में आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे, जो वन अमले को देखकर मौके से भाग निकले। जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रालियों की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। वन विभाग द्वारा लकड़ियों की प्रजाति की जांच की जा रही है। वन विभाग ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित