सागर , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापामार कार्रवाई कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लगभग 45 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना सुरखी प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु के नेतृत्व में बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुसल्ला के जंगल में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। थाना और क्षेत्र की चौकियों से गठित पुलिस दल ने जुए के अड्डे पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

जप्त मशरूका में छह लाख 45 हजार रुपये नगद, 21 मोबाइल फोन, 22 मोटरसाइकिल, 11 चार पहिया वाहन, एक पिस्टल और एक चाकू सहित ताश की गड्डियां शामिल हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 45 लाख रुपये बताया गया है।

कार्रवाई के दौरान बहेरिया थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित