बैतूल , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक बुजुर्ग पर जंगली सूअर के हमले का मामला सामने आया है।
बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के चौकी गांव में जंगल में बैल चराने गए 60 वर्षीय बुजुर्ग पर शुक्रवार शाम अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल दामू कवड़े (60) निवासी ग्राम चौकी प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को जंगल में बैल चराने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जंगली सूअर ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। सूअर ने अपने नुकीले दांतों से उनके पैर पर जोरदार वार किया, जिससे पैर में गहरा जख्म हो गया और वे मौके पर ही गिर पड़े।
हमले की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सूअर को भगाया। परिजन और ग्रामीणों ने घायल अवस्था में दामू कवड़े को तुरंत वाहन से खेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित