अलवर , मार्च 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के नौगावां थाना क्षेत्र में जंगली जानवर के हमले से एक व्यक्ति के घायल होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटा कला निवासी जुनेद खान रोज की तरह अपनी भेड़-बकरियों को लेकर गांव के पास स्थित पहाड़ियों की तरफ चराने गया था। इसी दौरान अचानक वहां किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर जुनेद खान अपना संतुलन खो बैठा और पहाड़ी से नीचे की ओर लुढ़क गया। जंगली जानवर के हमले और पहाड़ से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि गिरने से उसके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आयी हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत उपचार के लिए नौगांवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।

उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के वनरक्षक ने बताया कि मौके पर जांच के दौरान किसी भी जंगली जानवर के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले हैं, जिसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस जानवर ने किया। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियों को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिन से जंगली जानवरों के क्षेत्र में आने की सूचना थी। जब बकरी चराने वाले पर हमला किया तो ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। अब ग्रामीण पहाड़ी क्षेत्र में जाने से भी कतरा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित