भरतपुर , मई 02 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा के रामसिंहपुरा गांव में शनिवार को दोपहर एक जंगली जानवर के हमले में एक बुजुर्ग महिला एवं एक युवक घायल हो गये।

ग्रामीणों ने हमला करने वाले जंगली जानवर की पहचान तेंदुए के रूप में की है। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार शनिवार दोपहर 70 वर्षीया बुजुर्ग महिला जगदीश मीणा के ऊपर घर में सोते समय जंगली जानवर ने हमला करके उसके सिर सहित चेहरे पर पंजा मारकर घायल कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि उसके चिल्लाने पर उक्त जंगली जानवर मौके से भाग गया। घायल अवस्था में महिला को बरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया जहां से उसे सवाई माधोपुर भेज दिया गया।

थोड़ी ही देर बाद इसी गांव के गोवर्धन मीणा को भी जंगली जानवर ने हमला करके घायल कर दिया। गोवर्धन को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि उक्त जंगली जानवर के पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित