रामनगर,25जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर के छोई क्षेत्र में 23 अक्टूबर को बरेली से मीट लेकर आ रहे पिकअप चालक नासिर हुसैन पर हुई भीड़ की हिंसा का मामला लगातार चर्चा में रहा। इस घटना में भीड़ ने नासिर हुसैन की जमकर पिटाई की थी और उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की थी। हमले में नासिर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद नासिर की पत्नी नूरजहां की तहरीर पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण में करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 5 नामजद आरोपी भी शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए और चार्जशीट दाखिल की।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में अब तक लगभग 6 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों को भी जल्द जमानत मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, इस प्रकरण के मुख्य आरोपी भाजपा नेता मदन जोशी करीब दो महीने तक जेल में रहने के बाद आज सुबह रिहा हो गए।
जेल से रिहाई के बाद मदन जोशी रामनगर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। स्वागत के दौरान फूल-मालाओं के साथ आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर मदन जोशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि हिंदुत्व की जीत है।
मदन जोशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का भी आभार जताते हुए कहा कि सरकार और न्याय व्यवस्था पर उन्हें पूरा विश्वास था। वहीं जब उनसे भाजपा मंडल के चारों अध्यक्षों के स्वागत कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस समय आगामी चुनाव नजदीक हैं और सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्यों में व्यस्त हैं।
फिलहाल छोई हिंसा प्रकरण को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों की जमानत पर भी स्थिति साफ होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित