राजनांदगांव, 03 जनवरी 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोक पर्व छेरछेरा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ शनिवार को राजनांदगांव पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चिखली पुलिस ने हुड़दंग और धमकी की घटनाओं में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छेरछेरा पर्व के दौरान चिखली चौकी क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा विवाद कर आम नागरिकों को डराने-धमकाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

शिकायतकर्ताओं को ही धमकाने और पुलिस में रिपोर्ट करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की गतिविधियों से क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित