सोनभद्र , नवंबर 13 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के दुद्धी क्षेत्र में युवती द्वारा छेड़खानी और धर्म परिवर्तन के प्रलोभन की शिकायत पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने गुरुवार को बताया कि दुद्धी कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने आठ नवम्बर को सूचना दी कि ग्राम बघाड़ू निवासी बहादुर अली ने अपनी पत्नी रजिया एवं चार अन्य लोगों के साथ उसके घर आकर उसे मुस्लिम धर्म अपनाने का प्रलोभन दिया।

वादिनी ने पुलिस को बताया कि कालेज जाते समय आरोपी उसका पीछा करते हैं और छेड़खानी करते हैं। उसने प्रार्थना पत्र में पुलिस को बताया कि आरोपी गांव के आदिवासियों की जमीन अपनी पत्नी के नाम खरीद कर बाहर के लोगों को बुलाकर बेचता है और बसाता है। एएसपी ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बहादुर अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित