देहरादून , मार्च 29 -- उत्तराखंड में देहरादून के प्रेम नगर क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व मारपीट की घटना में छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों पर इनाम घोषित किया है।

यहां देहरादून में प्रेमनगर के केहरी गांव मे 23 मार्च की रात छात्रों के दो गुटों के मध्य हुए विवाद और मारपीट की घटना में एक युवक दिव्यांशु बुरी तरह घायल हो गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

इस घटना के संबंध में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेम नगर मे पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, और प्रकरण में कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अवलोकन करते हुए घटना में शामिल सात अन्य आरोपियों का नाम सामने आया।

रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इन सभी सातों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिशें दी जा रही है। इसके साथ ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित