शाहजहांपुर , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोर की मृत्यु के बाद परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में हंगामा और तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामले में मृतक के परिजनों तथा अन्य उपद्रवियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि निगोही थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर रेलवे फाटक के पास रविवार को अंकित कुमार (16) वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि आपातकालीन विभाग में लाए गए किशोर की जांच के बाद उसे मृत घोषित किया गया। संतुष्टि के लिए ईसीजी भी कराया गया, जिसमें हृदय गति नहीं पाई गई। इसके बाद शव को शवगृह में रखवा दिया गया।

आरोप है कि इसके बाद पहुंचे परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़ की तथा अभिलेखों को नुकसान पहुंचाया। चिकित्सकों के साथ अभद्रता और मारपीट की भी सूचना है। महिला चिकित्सकों ने स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए शौचालय में शरण ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की।

एसपी ने बताया कि सोमवार को कुछ लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे समझा-बुझाकर समाप्त करा दिया गया। मेडिकल कॉलेज में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के संबंध में कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित