बिलासपुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भरारी में छात्रों के साथ शारीरिक दंड के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित महिला शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।

विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की जांच रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक (जेडी) द्वारा की गई है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका विजय लक्ष्मी गुप्ता पर छात्रों की प्लास्टिक एवं लोहे के पाइप से पिटाई करने के गंभीर आरोप लगे थे। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच कराई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। जांच के दौरान शिक्षिका ने भी छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की बात स्वीकार की।

डीईओ की रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए संयुक्त संचालक आर.पी. आदित्य ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मची हुई है।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा को सहन नहीं किया जाएगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालयों में सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित