श्रीगंगानगर , जनवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक विदयालय में दूसरी मंजिल से गिरने से एक छात्रा की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि एसडी सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में अपराह्न करीब चार बजे 18 वर्षीय छात्रा दूसरी मंजिल से स्कूल के अंदर गिरने से बुरी तरह से जख्मी हो गई। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे सरकारी जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां देर रात को उसकी मौत हो गई।
स्कूल की प्रबंध निदेशक एवं प्रिंसिपल कमलेश कटारिया ने बताया कि घटना के समय छात्रा रमन कुमारी की मां और भाई भी स्कूल में ही थे। उन्होंने बताया कि रमन पिछले काफी समय से बीमार थी। वह 12वीं कक्षा में अध्यनरत थी। शाम की पारी में उसका बायोलॉजी का प्रैक्टिकल था। बायोलॉजी की लैब स्कूल में द्वितीय मंजिल पर है। उसका प्रेक्टिकल दिलाने के लिए मां और भाई साथ ही आए थे, क्योंकि वह बीमार थी। अपराह्न करीब सवा चार बजे प्रैक्टिकल पूरा करने के बाद रमन लैब से बाहर आई, जहां वह अपनी मां और भाई से मिली। इसके बाद अचानक द्वितीय मंजिल से स्कूल के अंदर गिर गई, जिससे उसके गंभीर चोट लगी। उसे एक निजी अस्पताल और फिर सरकारी जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि जांच करने पर ही पता चलेगा कि रमन दूसरी मंजिल से कैसे गिर गई। उसे बीमारी की वजह से चक्कर आ गया या कोई और हादसा हुआ है। रमन द्वारा खुदकुशी किए जाने की संभावना से भी फिलहाल इन्कार नहीं किया जा रहा। श्रीमती कटारिया ने बताया कि पढ़ाई की दृष्टि से रमन सामान्य छात्र थी। आज का उसका प्रेक्टिकल बहुत ही अच्छा हुआ था। उसने प्रैक्टिकल भी पूरा किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित