भोपाल , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार रात छोला इलाके में घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम देवेंद्र अहिरवार है, जो सागर जिले का निवासी है और भोपाल में मजदूरी करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर एक के बाद एक तीन छात्राओं पर कटर से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच, अयोध्या नगर और पिपलानी थाना पुलिस की कुल पांच टीमें गठित की गई थीं, जिनमें करीब 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
घटना 29 जनवरी की रात की है, जब देवेंद्र अहिरवार पत्नी से झगड़े के बाद बाइक लेकर घर से निकला था। वह भानपुर ब्रिज के रास्ते वह अयोध्या नगर और पिपलानी इलाके में पहुंचा, जहां उसने तीन छात्राओं पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दो छात्राओं को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक को मामूली चोट लगी। इसके अलावा पिपलानी क्षेत्र में एक अन्य युवती पर भी उसने हमला किया था, जो मामूली रूप से घायल हुई।
वही 30 जनवरी को पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर अयोध्या नगर और पिपलानी थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं। आरोपी वारदात के समय चेहरे पर रूमाल बांधे हुए था और विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब पीने का आदी है और वारदात के पीछे कोई संगठित साजिश नहीं, बल्कि व्यक्तिगत आक्रोश कारण बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित