अंबिकापुर/जगदलपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई ने प्रदेशभर में आंदोलन तेज कर दिया है। सरगुजा और बस्तर संभाग में संगठन ने अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग उठाई।

अंबिकापुर में एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए पिछले करीब आठ वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने पर चिंता जताई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव बंद होने से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है और उनकी समस्याओं को उठाने के लिए कोई प्रभावी मंच नहीं बचा है। ज्ञापन में बढ़ती फीस, छात्रवृत्ति में देरी, परीक्षा परिणामों में अनियमितता और महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सुरेन्द्र गुप्ता, मो. कासिम अंसारी, हिमान्शु जायसवाल, आशीष जायसवाल और आकाश साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने शीघ्र चुनाव कराने की मांग की।

बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में एनएसयूआई ने शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी और प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रदर्शन में शामिल हुए और विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं होने से विश्वविद्यालयों में पारदर्शिता खत्म हो रही है और प्रशासनिक अनियमितताएं बढ़ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित