छत्रपति संभाजीनगर , जनवरी 27 -- महाराष्ट्र में जालना-छत्रपति संभाजीनगर राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक निजी बस का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई हालांकि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

यह घटना सेलगांव इलाके में उस समय हुई, जब पुणे से यवतमाल जा रही बस का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कुछ ही पलों बाद बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा।धुआं देखते ही चालक भीमराव घोडे ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बस में आग लगने की चेतावनी दी तथा उन्हें जल्दी से उतर जाने के लिए कहा। सभी यात्री कुछ ही मिनटों में सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

इस बीच आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। पास के एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी अग्निशमन यंत्र लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।जब तक बदनापुर पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी पहुंचे, तब तक बस जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों का कीमती सामान और बैग आग में जल गए।

हादसे के कारण राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित