रायपुर , फरवरी 10 -- कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में ही जनता का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है और अब स्थिति यह है कि भाजपा के सांसद तथा विधायक स्वयं अपनी सरकार के कामकाज के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ के आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत में भारी अव्यवस्था दिखाई दे रही है।
श्री बैज ने यहां मंगलवार को कहा कि कुंभ स्थल पर साधु-संतों और स्थानीय कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं, श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि इतना बड़ा बजट आखिर कहां खर्च हुआ। क्या कुंभ के नाम पर भ्रष्टाचार कर राशि का बंदरबांट किया गया है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक रोहित साहू स्वयं आयोजन समिति में शामिल होने के बावजूद अधिकारियों पर गुस्सा निकालकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जो सरकार में व्याप्त अराजकता का प्रमाण है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर लंबे समय से सरकार के भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ बोल रहे हैं, लेकिन उनकी बातों की लगातार अनदेखी की जा रही है। श्री कंवर के लगाए गए गंभीर आरोपों पर सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि सारी गड़बड़ियां सत्ता के संरक्षण में हो रही हैं।
श्री बैज ने कहा कि जम्बूरी आयोजन में करोड़ों की अनियमितता, 33 हजार शिक्षकों की भर्ती में देरी, यातायात और कानून व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों पर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सवाल उठाए, पर बाद में मौन साध लिया। इसी तरह सांसद विजय बघेल ने मोदी की गारंटी पूरी करने के लिए पत्र लिखा, फिर चुप हो गए। राजेश मूणत ने शहर की कानून व्यवस्था पर प्रश्न खड़े किए, विधायक सुनील सोनी ने सड़क और सफाई की बदहाली पर आवाज उठाई, लेकिन सभी बाद में शांत हो गए। अब रोहित साहू राजिम कुंभ की अव्यवस्था पर बोल रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि सरकार के भीतर भारी असंतोष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित