राजनांदगांव , जनवरी 02 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार राजस्व विभाग की टीम ने महाराष्ट्र सीमा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा कुल 615 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। इस दौरान दो ट्रकों को सीज करते हुए शासन के पक्ष में राजसात करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक जनवरी की रात लगभग नौ बजे राजस्व अधिकारियों की टीम महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण पर थी। इसी दौरान महाराष्ट्र के सालेकसा से कोठीटोला-कारूटोला मार्ग होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे दो संदिग्ध ट्रकों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान दो वाहनों में 300 कट्टा धान लदा हुआ पाया गया। मौके पर मौजूद वाहन चालकों एवं स्वामियों से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, मंडी पर्ची अथवा अन्य आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेजों के अभाव में दोनों ट्रकों सहित कुल 615 कट्टा धान को जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए धान और वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन द्वारा नियमानुसार दोनों वाहनों एवं धान को शासन के पक्ष में राजसात करने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर ने जिले की सीमाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने और अन्य राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध धान व्यापार और परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई करता रहेगा। बिचौलियों एवं अवैध धान परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित