बलरामपुर-रामानुजगंज , मार्च 13 -- छत्तीसगढ में वाड्रफनगर के मोहाली रोड पर शुक्रवार सुबह दो ट्रकों की भिडंत में एक ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

इस घटना की दमकल विभाग को सूचना दी गयी लेकिन अग्निशमन की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे हादसे ने विकराल रूप धारण कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहाली रोड पर आज सुबह सात बजे की है। तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक के केबिन में तुरंत आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर बचाव के लिए दौड़े लेकिन आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि कोई पास नहीं जा सका। एक चालक ट्रक के केबिन में ही फंसा रह गया। चीख-पुकार के बीच वह बाहर निकलने का प्रयास करता रहा लेकिन तब तक आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के अंदर फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि दमकल विभाग को सूचना दे दी गई थी लेकिन गाड़ी काफी देर बाद पहुंची। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चालक का शव बुरी तरह झुलस गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित