कोरबा , फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुदारी गांव निवासी भगत कुमार मरावी के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर कोयला चोरी करने खदान में गया हुआ था। इसी दौरान वह करीब 170 फुट गहरी खदान में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि एसईसीएल मानिकपुर खदान से लगे रापाखरा, कुदारी, ढेलवाडीह, दादरमानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू सहित कई गांव और शहर की बस्तियों से लंबे समय से कोयला चोरी की जा रही है। चोरी किया गया कोयला आसपास के छोटे-छोटे होटल, ढाबों और बस्तियों में बेचा जाता है।
इस हादसे ने एक बार फिर एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। इतनी गहरी खदान के आसपास न तो पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी है और न ही प्रभावी निगरानी, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित