कोंडागांव , फरवरी 04 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र के ग्राम ढोल मंदरी स्थित जंगल में एक पुजारी की पुराने मनमुटाव के कारण धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। घटना के बाद आरोपी ने चौकी में आकर आत्मसमर्पण किया है। पुजारी गांव में बने हनुमान मंदिर का पुजारी था।
थाना प्रभारी राजकुमार शोरी ने बुधवार को वार्ता को बताया- " घटना ग्राम ढोल मंदरी के नजदीक जंगल में घटित हुई, जहां गांव के ही मंदिर में पुजारी रहे पोहडू राम बघेल लकड़ी काटने गए थे। इसी दौरान ग्राम के ही 40 वर्षीय उसाडू राम मरकाम ने पीछे से धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया, जिससे मृतक की मौके पर ही मौत हो गई।"हत्या करने के बाद आरोपी सीधे गोलावंड पुलिस चौकी पहुंचा और अपने कृत्य की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित