रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना, राम्हेपुर (कवर्धा) द्वारा 13.80 करोड़ रुपये की राशि आज जारी की गई है। वैवाहिक सीजन और आगामी फसल की तैयारियों के बीच यह भुगतान किसानों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार चालू पेराई सत्र में अब तक कुल 71.29 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया निरंतर जारी है, जिससे सहकारी व्यवस्था में किसानों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
कारखाने ने इस सत्र में 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ना पेराई कर 3,09,120 क्विंटल शक्कर उत्पादन का उल्लेखनीय आंकड़ा हासिल किया है। इस उपलब्धि का श्रेय किसानों के सहयोग, प्रशासनिक मार्गदर्शन और कारखाने के कुशल संचालन को दिया जा रहा है।
भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों के हित में विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है, जिनमें एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी आधारित भुगतान, शासन द्वारा बोनस वितरण, रियायती दर पर शक्कर, उन्नत बीज, कृषि मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा सामाजिक दायित्व के तहत "बलराम सदन" और 5 रुपये में भोजन की कैंटीन सुविधा भी संचालित की जा रही है।
कारखाना जिले की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए किसानों को न्यूनतम मूल्य की गारंटी, फसल विविधीकरण को बढ़ावा और रोजगार सृजन में योगदान दे रहा है। समयबद्ध भुगतान और किसान-केंद्रित योजनाओं के चलते यह सहकारी मॉडल का सफल उदाहरण बनकर उभरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित