कोरबा, 22 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साल प्रजाति की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त किया है। पुलिस व वन अमले की भनक लगते ही चालक ट्रक को सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर क्षेत्र से धवलपुर मार्ग की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक की सूचना पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। तलाशी लेने पर ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 नग लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर आंकी गई है।
जब्त की गई लकड़ी की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है, जबकि ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित