रायपुर , मार्च 10 -- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को एहतियाती कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने पश्चिम एशियाई देशों में रह रहे नागरिकों की मदद और समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी स्थित छत्तीसगढ़ भवन के समन्वय अधिकारी लेखा अजगल्ले को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पश्चिम एशिया में रह रहे या वहां आवागमन कर रहे प्रदेश के नागरिकों से संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए नोडल अधिकारी के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। सहायता या जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8349840582, कार्यालयीन दूरभाष 011-46156000 और फैक्स नंबर 011-46156030 पर संपर्क किया जा सकता है।
राज्य सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वहां मौजूद छत्तीसगढ़ प्रवासियों की सुरक्षा और सहायता के लिए यह व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल समन्वय किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित