रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का सोमवार को 11वां दिन है। आज सदन की कार्यवाही के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है, जिसे लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिल सकती है।
सदन में प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से संबंधित सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा पुनर्विचार के लिए लौटाए गए एक विधेयक की सूचना भी सदन में पढ़ी जाएगी।
कार्यसूची के अनुसार, विधायक धरमलाल कौशिक और बालेश्वर साहू विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर विभागीय मंत्रियों का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं विधायक रिकेश सेन, इंद्र शाह मंडावी और अटल श्रीवास्तव द्वारा सदन में याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी।
इसके अलावा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और केदार कश्यप के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा निर्धारित है। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार-विमर्श किया जाएगा।
आज की कार्यवाही को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी हलचल है और विभिन्न मुद्दों पर सरकार तथा विपक्ष के बीच जोरदार बहस की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित