रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल होंगे।
श्री बैज ने यहां पत्रकारों से सोमवार को हुई चर्चा में बताया कि कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बिजली दरों में वृद्धि, धान खरीदी में वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी तथा प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित सभी सह-प्रभारी, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। घेराव के लिए जिलेवार और विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। कार्यकर्ता शंकर नगर पहुना के पास केनाल रोड स्थित भारत माता चौक से दोपहर 12 बजे विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजापुर जिले के शासकीय छात्रावास में तीन बच्चियों के यौन शोषण की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम प्रबंधन ने पाक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत पुलिस को सूचना दिए बिना पीड़ित बालिकाओं को आश्रम से निकालकर घर भेज दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से सरकारी आश्रमों में बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस इस घटना की जांच के लिए अपना दल भेजेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित