रायपुर , मार्च 23 -- ) केंद्रीय ऊर्जा मंंत्रालय की ओर से वर्ष 2026 में जारी 14वीं वार्षिक एकीकृत रेटिंग एवं रैंकिंग में राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) को 'ए' ग्रेड प्रदान किया गया है।

इसकी जानकारी आज राज्य के विद्युत विभाग ने दी। देश की 54 विद्युत वितरण कंपनियों के बीच जारी इस रैंकिंग में कंपनी ने उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। ताजा रेटिंग में सीएसपीडीसीएल को 70.40 अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि पिछली (13वीं) रेटिंग में कंपनी का स्कोर 54.41 अंक था। इस प्रकार कंपनी ने 16 अंकों से अधिक का सुधार करते हुए 'बी' ग्रेड से 'ए' ग्रेड में उन्नयन हासिल किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री के सचिव सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने इस उपलब्धि पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर के अनुसार यह सुधार विद्युत वितरण प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और उपभोक्ता सेवाओं में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। रेटिंग तकनीकी प्रदर्शन, वित्तीय स्थिति, उपभोक्ता सेवाएं, नियामकीय अनुपालन और प्रशासनिक दक्षता जैसे मानकों के आधार पर तय की जाती है।

कंपनी द्वारा लाइन लॉस में कमी, बिलिंग एवं राजस्व संग्रह में सुधार, शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसका सकारात्मक असर रेटिंग में दिखाई दिया है।

कंवर ने इस उपलब्धि को राज्य शासन के मार्गदर्शन, अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और उपभोक्ताओं के सहयोग का परिणाम बताया। साथ ही कंपनी ने आगामी रेटिंग में और बेहतर प्रदर्शन कर उच्चतर ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित