रायपुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने अपने पूर्व घोषित परीक्षा कैलेंडर के अनुरूप अब शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियों को स्पष्ट कर दिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता पदों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। शिक्षक पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि व्याख्याता पद हेतु परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रवेश पत्र जारी होने की सूचना तथा अन्य आवश्यक अपडेट के लिए व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
परीक्षा तिथियों की घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों को अब अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने और तैयारी को तेज करने का अवसर मिल गया है। भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से बनी प्रतीक्षा के बाद यह कदम युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित