दंतेवाड़ा , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राज्य प्रारंभिक सेवा परीक्षा 22 फरवरी को दंतेवाड़ा जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं तथा समस्त व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है।

जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार,परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर भरतराम ध्रुव ने केंद्राध्यक्षों, सहायक नोडल अधिकारियों एवं उड़नदस्ता दल के सदस्यों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, समय पालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। नोडल अधिकारी ने सभी केंद्राध्यक्षों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उड़नदस्ता दल को परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।

जिले में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित