नारायणपुर, जनवरी 30 -- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी 'महतारी वंदन योजना' के तहत शुक्रवार को 24वीं किस्त जारी की गयी।

प्रदेश की 68 लाख 39 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 34 लाख रुपये का अंतरण किया गया। इसके साथ ही योजना के तहत कुल वितरित राशि का आंकड़ा 15 हजार 595 करोड़ रुपये को पार कर गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम से इस राशि का ऑनलाइन अंतरण किया। उन्होंने कहा, "महतारी वंदन योजना से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को एक नया आयाम मिला है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।"यह योजना एक मार्च, 2024 से प्रारंभ की गई थी, जिसके अंतर्गत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। सीधे लाभार्थी हस्तांतरण (डीबीटी) मोड में चलने वाली इस योजना को वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली एक प्रभावी पहल बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित