सूरजपुर , फरवरी 03 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में श्रद्धालुओं से भरी एक बस की ट्रक से जोरदार टक्कर होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 14 अन्य लोग घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और राहतकर्मियों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार देर रात अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास, लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। रायगढ़ जिले के तमनार से काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा पर निकली श्रद्धालुओं से भरी बस को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी गई। इस टक्कर के चलते बस नियंत्रण खोकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कई यात्री बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। करीब 15 घायलों को बाहर निकालकर अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। एक घायल का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान निधन हो गया। मृतक की पहचान अभी की जा रही है।

घटना से इलाके में काफी समय तक यातायात अवरुद्ध रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

लटोरी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित