रायपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ में गुरुवार को दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। रायगढ़ में बारातियों से भरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जबकि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई।
जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगुरसिया के पास बुधवार देर रात बारातियों से भरी एक अनियंत्रित ईको कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन में सवार आठ लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पांच को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, बारात चंद्रपुर क्षेत्र के कुंदरुझांज गांव से ओडिशा के हिमगिरि थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वनाथपुर जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण खोने से वाहन पेड़ से जा टकराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार में महिलाएं और बच्चियां भी सवार थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरेला थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुबह की सैर पर निकली दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मेन रोड पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप कैंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं करीब 15 से 20 फुट दूर जा गिरीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाओं को टक्कर मारने के बाद पिकअप वाहन पास में खड़ी एक बस से जा टकराया। घटना में वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया। उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि हादसे के बाद चालक लल्लू मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कैंपर वाहन कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रहा था।
इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर लिया है ओर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित