रायपुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में प्रदेश युवा कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालयों का प्रदेशव्यापी घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड' के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
वहीं, इस आंदोलन के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर हाल ही में संपन्न एआई समिट के दौरान भारत की छवि धूमिल करने की सोची-समझी साजिश रचने का आरोप लगाया।
रायपुर में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से भाजपा के रजबंधा मैदान स्थित प्रदेश कार्यालय की ओर कूच किया था। प्रदर्शनकारी 'पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड', 'बेरोजगारी बंद करो' और 'किसानों को न्याय दो' जैसे नारे लगा रहे थे। हालांकि, मार्ग में पुलिस प्रशासन ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिससे पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और धक्का-मुक्की भी हुई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके शांतिपूर्ण विरोध को कुचलने के लिए अत्यधिक बल का प्रयोग किया है।
इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के सामने कई सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या नेता विपक्ष को गोली मारने की बात करने, चीनी रोबोट को अपना नवाचार बताने और अमेरिका के सामने झुककर एकतरफा ट्रेड डील करने से देश की छवि खराब नहीं होती? प्रदर्शन के मुख्य मुद्दों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम एप्स्टीन फाइल में आने पर सरकार द्वारा स्पष्ट जवाब न देना, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में किसान-विरोधी डील साइन करना और लोकतांत्रिक विरोध को देशद्रोह बताकर आवाज दबाने का प्रयास शामिल था।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "आज देश का युवा हताश है और किसान संघर्ष कर रहा है। बेरोजगारी चरम पर है और महंगाई आसमान छू रही है। सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष पर झूठे आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटका रही है। अमेरिका के साथ की जा रही डीलें पूरी तरह किसान-विरोधी हैं।" शर्मा ने सवाल उठाया कि आखिर वह कौन-सी मजबूरी है कि देशहित को ताक पर रखकर एकतरफा समझौते किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि एप्स्टीन फाइल जैसे गंभीर मामलों पर चुप्पी क्यों है? हमारी लड़ाई लोकतंत्र की रक्षा, युवाओं के अधिकारों और किसानों के भविष्य के लिए है।"इस प्रदर्शन में शहर जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, प्रदेश महासचिव गुलज़ेब अहमद, भावेश शुक्ला, निखिलकांत साहू, नीरज घोड़े, आस मोहम्मद, मीडिया अध्यक्ष तुषार गुहा, जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप, प्रशांत बोकाडे, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा, प्रदेश सचिव अमिताभ घोष, अभिषेक कसर, मनोहरण वर्मा, वैभव पांडे, अपराजिता तिवारी, हेमंत पाल, वैभव मुंजावर और प्रशांत चंद्राकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित