रायपुर , दिसंबर 06 -- छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के बस्तर जिले में शनिवार को न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, आज सुबह साढ़े आठ बजे प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बस्तरपुर-रामानुजगंज का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जहां सबसे अधिक ठंड महसूस की गयी। वहीं सरगुजा में भी तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों में तापमान सामान्य से दो से छह डिग्री तक कम रिकॉर्ड किया गया। कोरिया, जशपुर, बलरामपुर और सरगुजा क्षेत्रों में तापमान में तेज से गिरावट के साथ सुबह-सुबह ठिठुरन बढ़ी है। वहीं बस्तर संभाग के कई हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रही, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण आगामी दिनों में भी तापमान में और गिरावट संभव है। विभाग ने नागरिकों को सुबह और देर रात सावधानी बरतने तथा अत्यधिक ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

प्रदेश के अन्य जिलों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में ठंड सामान्य से अधिक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले 48 घंटों में मौसम का रुख इसी तरह ठंडा रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित