रायपुर , जनवरी 05 -- नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेश के नगरीय निकायों में स्वीकृत आकांक्षी शौचालयों के निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने निर्माण की प्रगति के अनुसार स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करते हुए सभी संबंधित नगर निगम आयुक्तों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 78 नगरीय निकायों में कुल 141 आकांक्षी शौचालय स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक 26 शौचालयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष शौचालयों में 28 प्लिंथ लेवल, 18 लिंटल लेवल तथा 55 रूफ लेवल तक निर्माणाधीन हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा जारी परिपत्र में निर्देश दिए गए हैं कि जिन शौचालयों का निर्माण रूफ लेवल तक पहुंच चुका है, उन्हें 31 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। वहीं लिंटल लेवल तक के शौचालयों को 28 फरवरी 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिन शौचालयों का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कर 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित नगर निगम आयुक्तों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित