देहरादून , दिसंबर 18 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को अटल स्मृति वर्ष के रूप में मनाएगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को कहा कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष है, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत 21वीं सदी में अग्रसर हुआ।

उनके जन्मदिन पर विधानसभा स्तर कर अटल स्मृति सम्मेलन, मूर्ति स्थलों पर स्वच्छता कार्य एवं दीप प्रज्वलन, कृत्यों आधारित प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन, विभिन्न प्रतियोगिता कार्यक्रम संपन्न होंगे। जिनके सफल संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के संयोजन में 6 सदस्यीय प्रदेश समिति का गठन किया गया हैं।

उनके सुशासन की विरासत में पोखरण-द्वितीय परियोजना, कारगिल युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां शामिल हैं।

उनकी विरासत को सम्मान देने और नागरिकों को प्रेरित करने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। जो संवाद, सांस्कृतिक और शासन केंद्रित पहलों के माध्यम से उनके जीवन, उपलब्धियों और चिरस्थायी मूल्यों को उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भावपूर्ण संदेश में लिखा था कि 25 दिसंबर का दिन भारतीय राजनीति और भारतीय जनमानस के लिए एक तरह से सुशासन का अटल दिवस है।

देश उन्हें आदर्श विभूति के रूप में याद कर रहा है। सौम्यता, सहजता और सहृदयता के साथ उनकी राजनीति और उनके योगदान के प्रति देश कृतज्ञ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित