रायपुर , दिसंबर 10 -- भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती देने के उद्देश्य से संभाग प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियों की घोषणा की है। मंगलवार देर रात एक सूची जारी कर यह घोषणा की गयी।

पार्टी द्वारा जारी सूची में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का पुनर्वितरण किया गया है, वहीं पूर्व विधायक नवीन मारकंडे को प्रदेश पार्टी मुख्यालय का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नवीन व्यवस्था के तहत यशवंत जैन को बस्तर संभाग का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उनके सहयोग के लिए हरपाल सिंह भामरा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रायपुर संभाग की कमान अखिलेश सोनी को दी गई है और राजीव सिंह को सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार बिलासपुर संभाग की जिम्मेदारी जगदीश रामू रोहरा को सौंपी गई है, जबकि अभिषेक शुक्ला को उनके सह-प्रभारी के रूप में जोड़ा गया है। दुर्ग संभाग की जिम्मेदारी जगन्नाथ पाणिग्रही को दी गई है। वहीं सरगुजा संभाग का दायित्व अब अवधेश सिंह चंदेल देखेंगे।

पार्टी का कहना है कि यह नया दायित्व वितरण आगामी राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित