रायपुर , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ चुका है और 31 मार्च 2026 का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहा है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व को श्रेय दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय से छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप इसे समाप्त करने का संकल्प अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर क्षेत्र, जो दशकों से विकास से अछूता रहा, अब तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ''भारत जोड़ो यात्रा'' के दौरान राहुल गांधी की नक्सलियों से मुलाकातें हुईं और कुछ स्थानों पर उन्होंने उनके साथ मंच भी साझा किया।
श्री साय ने कुख्यात नक्सली हिडमा के मारे जाने के संदर्भ में भी बयान देते हुए कहा कि इस घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिनका उल्लेख राहुल गांधी द्वारा किए जाने पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि देश इन घटनाओं को समझ रहा है और इसके पीछे की मंशा पर विचार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार और केंद्र के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ में शांति और विकास का नया दौर शुरू होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित