भैरमगढ़/बीजापुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ तहसील के उसपरी झिल्ली स्थित इंद्रावती घाट पर बुधवार को एक नाव पलटने से उसमें सवार छह लोगों में से चार लोग लापता हैं। दो बच्चे और महिलाओं के लापता होने की खबर है, स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में उतरकर दो लोगों को डूबने से बचाया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया था, जिसे रात होने के कारण रोक दिया गया है, सुबह होने के साथ ही बचाव अभियान फिर से शुरू किया जाएगा।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया। लापता चार लोगों की तलाश के लिए राजस्व, स्वास्थ्य विभाग और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं रात होने की वजह से बचाव कार्य को रोका गया है।

तहसीलदार सूर्यकांत धरत ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव टीम को तत्काल मौके पर भेज दिया गया। लापता लोगों की खोज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बस्तर संभाग में नदी को पार करने के लिए देशी नाव (डोंगी) का उपयोग किया जाता है, बारिश के दिनों में जब नदियां उफान पर होती है तब डोंगी के पलट जाने से मौत की घटनाएं होगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित